
कांग्रेस में अनुशासनहीनता पर कड़ा एक्शन, NSUI के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राशिद फाखरी 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित
पटना 13 मई। बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिल देव प्रसाद यादव ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में NSUI के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राशिद फाखरी को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छः वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
अनुशासन समिति द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 06 जनवरी 2026 को मधुबनी जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डॉ. रशीद फाखरी एवं उनके समर्थकों द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सी.एल.पी. नेता डॉ. शकील अहमद खान के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके साथ ही उनके समर्थकों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस केस दर्ज करवाने का भी आरोप है। पार्टी ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की है।
अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिल देव प्रसाद यादव ने आदेश जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस आदेश के साथ ही डॉ. रशीद फाखरी को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से छः वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।



