
MADHUBANI:- देशी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
मधुबनी, 27 अप्रैल। नगर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान रहिका थाना क्षेत्र के मारर गांव निवासी भोला पासवान के पुत्र विजय कुमार के रूप में की गई है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त और सघन चेकिंग अभियान पर थी, इसी दौरान संदेहास्पद स्थिति में दिखने पर विजय कुमार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की और उसके मोबाइल फोन की जांच की, तो पुलिस के हाथ अहम सबूत लगे। आरोपी के मोबाइल में हथियार लहराते हुए कई वीडियो पाए गए, जो सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने या प्रभाव जमाने के उद्देश्य से बनाए गए प्रतीत होते हैं।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अवैध हथियार रखने और प्रदर्शन करने के मामले में युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध, तो नहीं है।



