
MADHUBANI:- सड़क निर्माण के दो दिन के भीतर आई दरार, जांच की मांग
मधुबनी- 26 अप्रेल। नगर निगम के वार्ड- 30 भच्छी में भच्छी दुर्गा मंदिर से ब्राह्मण टोला भाया महादलित टोला तक सड़क निर्माण के दो दिन के भीतर कई जगह दरार आ गया है। इस संदर्भ में अधिवक्ता राकेश रंजन झा द्वारा जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को आवेदन देकर शिकायत की है।
आवेदन में बताया गया है कि ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, मधुबनी द्वारा सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है। उक्त सड़क के निर्माण के दो दिन के भीतर ही सड़क पर कई जगहों पर दरार आने से स्पष्ट है कि सड़क को मानक स्तर के सामग्री का सही अनुपात में देकर नियमानुकूल तरीके से नहीं बनाया गया है।
आवेदन में बताया गया है कि सड़क को बनाने के क्रम में कभी पानी का छिड़काव नहीं किया गया। निर्माण के क्रम में किसी पदाधिकारी द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किया गया।आवेदन में सड़क निर्माण में अनियमिततताओं का स्थल जांच, दोषियों के विरुद्ध नियमानुकूल कार्रवाई करने तथा सड़क में दरार वाले स्थल पर सही तरीके से मरम्मत करवाने हेतु उचित निर्देश देने की मांग की गई है।



