
JDU विधायक दल की बैठक में नहीं हुआ नेता का चयन, विधायकों ने नीतीश कुमार को सौंपी जिम्मेदारी
पटना- 20 अप्रैल। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल की सोमवार को हुई अहम बैठक में विधानमंडल दल के नेता का चयन नहीं हो सका। बैठक में मौजूद विधायकों ने सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी कि वे स्वयं विधायक दल का नया नेता चुनें।
यह बैठक नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास एक अणे मार्ग पर आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता नीतीश कुमार ने की। बैठक का मुख्य एजेंडा विधानमंडल दल के नए नेता का चयन करना था, लेकिन इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया।
बैठक के बाद जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि विधायक दल ने नीतीश कुमार को अधिकृत कर दिया है कि वे अपनी समझ और अनुभव के आधार पर नेता का चयन करें। उन्होंने कहा कि बैठक में नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक कार्यकाल, उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और सामाजिक प्रभाव को लेकर भी चर्चा हुई और उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बैठक में प्रस्ताव रखते हुए नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की। वहीं अन्य नेताओं ने भी उनके नेतृत्व को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि भले ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया है, लेकिन वे सक्रिय रूप से राज्य के विकास कार्यों पर नजर बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली में संसदीय कार्यों के साथ-साथ बिहार के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास योजनाओं की स्थिति का आकलन करूंगा।”
निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और उनके संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
बैठक में केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से सांसद ललन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव सहित जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने 16 मार्च को चुनाव जीतने के बाद 10 अप्रैल को शपथ ली थी। इसके बाद 14 अप्रैल को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिसके साथ ही बिहार की राजनीति में लगभग दो दशक लंबे नीतीश युग का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद से ही जदयू विधानमंडल दल के नेता का पद रिक्त है। इसी पद को भरने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी, लेकिन अब अंतिम निर्णय स्वयं नीतीश कुमार के हाथों में सौंप दिया गया है।



