
मिथिला की पारंपरिक त्योहार जुड़शीतल पर लगाई जाएगी सत्तू शर्बत स्टाल : आदित्य
मधुबनी- 05 अप्रैल। मिथिला की पारंपरिक त्योहार जुड़शीतल पर संस्कार संस्कृति संरक्षण समिति द्वारा शहर के गंगासागर चौक स्थित निशुल्क शर्बत स्टाल लगाई जाएगी। इसकी जानकारी देते हुए संस्कार संस्कृति संरक्षण समिति के उपाध्यक्ष आदित्य नारायण गुप्ता ने बताया कि स्टाल पर नीबू, सत्तू सहित अन्य प्रकार की शर्बत की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि जुड़शीतल के दिन शर्बत पिलाने की विशेष परंपरा है। जुड़शीतल इस साल वैशाख महीना 15 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस पर्व पर शीतलजल और शरबत के माध्यम से भीषण गर्मी में शीतलता, स्वास्थ्य और प्रकृति के प्रति आभार प्रकट किया जाता है। परंपरा के अनुसार इस दिन लोग एक-दूसरे को सत्तू का शर्बत पिलाते हैं। बड़े बुजुर्ग छोटों के सिर पर जल डालकर “जुड़ायल रहु” का आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने कहा कि
यह पर्व पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक एकता का प्रतीक है, जिसमें जलस्रोतों (कुआं, तालाब) की सफाई की जाती है। इस दिन चूल्हा नहीं जलाया जाता है। एक दिन पहले बना सत्तू, भात, दही खाया जाता है। पितरों की तृप्ति के लिए इस दिन ठंडा पानी, पंखा, सत्तू और गुड़ का दान किया जाता है।



