
मिथिला के महान संत और विभूतियों पर बनेगी डॉक्यूमेंटी फिल्म: सुमित सुमन
मधुबनी- 16 मार्च। शिम्मर फिल्म्स इंटरनेशन के डायरेक्टर सुमित सुमन ने बताया कि मिथिला के महान संत लक्ष्मीनाथ गोसाई, महाकवि विद्यापति, महाकवि कालिदास सहित अन्य विभूतियों की जीवन चरित्र और उनकी साधना से जुड़ी धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों पर डॉक्यूमेंटी फिल्म का निर्माण किया जाएगा। इसकी शुरुआत दर्शनशास्त्र के विश्व प्रसिद्ध पं. वाचस्पति मिश्र की डॉक्यूमेंटी फिल्म से शुरू कर दी गई है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार के हाथों सम्मानित निर्देशक सुमित सुमन ने बताया कि जिले के अंधराठाढी में आयोजित भामती वाचस्पति महोत्सव 2026 के पहले दिन पं. वाचस्पति मिश्र की डॉक्यूमेंटी फिल्म को लोगों ने काफी सराहा है। जिससे अन्य डॉक्यूमेंटी फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट्री फिल्में वास्तविक जीवन की घटनाओं, लोगों और मुद्दों को उजागर करने का एक बेहतर माध्यम हैं। यह शिक्षा प्रदान करती हैं, सामाजिक जागरूकता बढ़ाती हैं, ऐतिहासिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखती हैं और दर्शकों को नए दृष्टिकोण प्रदान करती हैं। दर्शकों की समझ को गहरा करती हैं। यह दर्शकों में संवेदनशीलता जगाती हैं। जटिल विषयों पर सोचने के लिए प्रेरित करती हैं।
डॉक्यूमेंट्री फिल्में अक्सर सामाजिक परिवर्तन का कारण भी बनती हैं। तथ्यात्मक और अकादमिक जानकारी प्रदान करती हैं। जिससे लोगों की सोच बदलती है। यह ऐतिहासिक घटनाओं का दस्तावेजीकरण करती हैं। भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक संदर्भ के रूप में कार्य करती हैं।उन्होंने बताया कि लक्ष्मीनाथ गोसाई न सिर्फ साधक थे बल्कि रचयिता भी थे। बाबा ने आराध्य देवों के लिए एक से एक प्रार्थना लिखी। संत गोसाई जी योग भक्ति के उपासक थे। लक्ष्मीनाथ गोसाई से जुड़ी कई किवदंतियों का उल्लेख पुस्तकों में मिलती है। हरेक साल जिले के लखनौर में दो दिवसीय श्री लक्ष्मीनाथ गोसाई महोत्सव का आयोजन किया जाता है।



