
मुखिया पति के घर छापेमारी में हथियार और कारतूस बरामद
आरा-10 दिसंबर। भोजपुर जिले में चल रहे पंचायत चुनाव में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों और उनके सगे संबंधियों द्वारा एक तरफ शराब की खेप पहुंचाकर मतदाताओं को लुभाया जा रहा है तो दूसरी तरफ अवैध हथियार और कारतूस का जखीरा दिखा कर धमकाया भी जा रहा है।पंचायत चुनाव में येन केन प्रकारेण लोभ और दबंगई दोनों का सहारा लेकर उम्मीदवार और उनके सगे सम्बन्धी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।
भोजपुर जिले के बिहियाँ थाना क्षेत्र के बेलवनिया पंचायत के झौंआ गांव निवासी और निवर्तमान मुखिया के पति हरे राम सिंह के घर पर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने को लेकर भारी मात्रा में हथियार और शराब रखे जाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने जब छापेमारी की तो पुलिस के होश उड़ गए।पंचायत चुनाव को प्रभावित करने को लेकर निवर्तमान मुखिया के पति ने अपने घर मे शराब की खेप छुपा रखी थी और घर से मतदाताओं तक शराब पहुंचाई जा रही थी।निवर्तमान मुखिया के पति ने चुनाव को प्रभावित करने के लिए असामाजिक तत्वो का घर पर जमावड़ा भी लगाया था।काफी संख्या में हथियार और कारतूस भी इकट्ठा कर रखा था।पुलिस ने छापेमारी के दौरान मुखिया के पति के भाई सहित पांच लोगों को गुरुवार की देर शाम गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इस दौरान निवर्तमान मुखिया के पति के घर से दो सेमी ऑटोमेटिक रायफल,दो पिस्टल,एक सौ जिंदा कारतूस,रम की खुली बोतलों के अलावे यूपी से लाई गई 40 बोतल शराब बरामद की है।छापेमारी के दौरान निवर्तमान मुखिया के पति हरे राम सिंह फरार हो गए हैं।
शाहपुर थाना के थानाध्यक्ष ने शुक्रवार को बताया कि फरार मुखिया के पति की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।जगदीशपुर के एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन ने भी शुक्रवार को बताया कि निवर्तमान मुखिया का पति पंचायत चुनाव के दौरान शाहपुर में होने वाले आखरी चरण के चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश में था कि इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार और कारतूस के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों पर मेड इन उतरप्रदेश लिखा हुआ है।उन्होंने बताया कि न्यायिक प्रक्रिया के बाद गिरफ्तार किए गए सभी को जेल भेज दिया गया।



