
22 दिसंबर को सबसे छोटा दिन और सबसे बड़ी रात होगी
ग्वालियर- 15 दिसम्बर। आगामी 22 दिसंबर गुरुवार को सूर्य मकर राशि में रात्रि 03:16 बजे प्रवेश करेंगे। अत: इस दिन वर्ष का सबसे छोटा दिन व सबसे लंबी रात होगी। ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन ने बताया कि पंचांग अनुसार सूर्य उत्तरायण होंगे और शिशिर ऋतु प्रारंभ होगी। इसके बाद से दिन की अवधि बढ़ना शुरू हो जाएगी और रातें छोटी होना शुरू हो जाएंगी।
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि इस दिन सूर्य पृथ्वी से काफी दूर रहता है जिससे चंद्रमा की रोशनी पृथ्वी पर काफी देर तक रहती है। धरती को भौगोलिक आधार पर 2 भागों में विभाजित किया गया है। उत्तरी गोलार्ध एवं दक्षिणी गोलार्ध, यह विभाजन पृथ्वी की मध्य रेखा से किया गया है जिसे भूमध्य रेखा या विषुवत रेखा के नाम से भी जाना जाता है। इसके उत्तरी भाग को उत्तरी गोलार्ध एवं दक्षिणी भाग को दक्षिणी गोलार्ध कहा जाता है। उत्तरी गोलार्ध के 23.50 डिग्री उत्तरी अक्षांश रेखा को कर्क रेखा एवं दक्षिणी गोलार्ध के 23.50 डिग्री दक्षिणी अक्षांश रेखा को मकर रेखा कहा जाता है। जब सूर्य उत्तरी गोलार्ध की ओर अग्रसर होता है तो इसे कर्क संक्राति कहा जाता है एवं सूर्य के दक्षिणी गोलार्ध में अग्रसर होने को स्थिति को मकर संक्रांति कहा जाता है। ज्योतिषाचार्य ने कहा कि सूर्य के कर्क एवं मकर रेखा की ओर अग्रसर होने के कारण ही दिनों की अवधि में अंतर दर्ज किया जाता है।



