
झारखंड फिल्म महोत्सव 17 और 18 को रांची में, मंत्री हफीजुल हसन करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
रांची- 15 दिसम्बर। झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (जिफ्फा) और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रांची में 17 और 18 दिसम्बर को पांचवां झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2022 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के सभागार में होगा।
17 दिसंबर को झारखंड के कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री हफीजुल हसन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। मंत्री मिथिलेश ठाकुर तथा बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दिन प्रसिद्ध लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की जयंती पर रूपांतर नाट्य मंच, गोरखपुर की ओर से भिखारी ठाकुर पर केंद्रित सुनील जायसवाल निर्देशित नाटक कहन भिखारी का मंचन होगा।
रांची प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस में जिफ्फा के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील सिंह बादल, संयोजक विनय मेहता,सह संयोजक पंकज कुमार, समन्वयक सुजीत उपाध्याय,सेलिब्रेटी मैनेजमेंट के प्रमुख डॉ आरिफ नासिर बट और सात्विक आनंद ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।जिफ्फा के प्रवक्ता ने बताया कि फिल्म महोत्सव में भारत सहित 32 देशों के 134 फिल्मों में से चयनित 53 फिल्मों, 15 लघु और डॉक्यूमेंटरी फिल्मों के अलावा झारखंड की नागपुरी, खोरठा और संथाली भाषा की फिल्में दिखाई जायेंगी। इस बार मुंबई से सचिन, राजपाल यादव, महिमा चौधरी और स्मृति सिन्हा एवार्ड फंक्शन में उपस्थित रहेंगे।
18 दिसंबर को झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस अवार्ड संध्या का उद्घाटन करेंगे और मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे। महोत्सव में पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख और संगीत नाटक अकादमी के सदस्य नंदलाल नायक अपनी प्रस्तुति देंगे ।



