इंदौर/भोपाल- 15 नवंबर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र से 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। यहां बुरहानपुर से जिले से यात्रा की शुरुआत 23 नवंबर से होगी। यह यात्रा 28 नवंबर को इंदौर पहुंचेगी। यहां राजबाड़ा और बड़ा गणपति मंदिर में दर्शन कर राहुल गांधी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा एक दिसम्बर को उज्जैन पहुंचेंगी, जहां राहुल गांधी भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे और यहां सभा का आयोजन भी किया जाएगा।
मप्र में भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी पीसी शर्मा ने सोमवार को बताया कि राहुल गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र से 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी गीता टेक्सटाइल के पास, बोदरली, बुरहानपुर सीतापुर में नाइट स्टे करेंगे। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा का ब्रेक रहेगा। अगले दिन 23 नवंबर को बुरहानपुर से यात्रा की शुरुआत होगी, जो 28 नवंबर को इंदौर पहुंचेगी। इंदौर आने पर 29 नवंबर को एक दिन का ब्रेक रहेगा और फिर 30 नवंबर को यात्रा बड़ा गणपति चौराहे से शुरू होगी और एक दिसंबर को उज्जैन पहुंचेंगी। यात्रा मध्य प्रदेश के छह जिलों में करीब 399 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद 5 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी।