
हिमाचल में प्रचार के लिए कांग्रेस ने जारी की सोनिया, खड़गे, राहुल और प्रियंका सहित 40 नेताओं की सूची
शिमला- 23 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम शीर्ष पर है। इसके बाद कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,राहुल गांधी, प्रियंका गांधी,राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम शामिल हैं। लिहाजा चुनाव प्रचार में ये नेता पार्टी का मुख्य चेहरा होंगे। इसके अलावा तेलंगाना के कार्यकारी कांग्रेस अध्यक्ष व मशहूर क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन,यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व अभिनेता राजब्बर के अलावा राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक,राजीव शुक्ला,भूपेंद्र सिंह हुड्डा,हरीश रावत, रणदीप सिंह सुरजेवाला,विपल्व ठाकुर, सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा,पवन खेरा भी बतौर स्टार प्रचारक हिमाचल का रुख करेंगे।
एआईसीसी ने शनिवार देर शाम स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा सहित प्रदेश के 13 नेताओं को जगह मिली है। इनमें आंनद शर्मा, प्रतिभा सिंह,मुकेश अग्निहोत्री,सुखविंदर सिंह सुक्खू को पहले 15 स्टार प्रचारकों में स्थान दिया गया है। प्रदेश के चुनावी रण में किस्मत आजमा रहे कर्नल धनीराम शांडिल, आशा कुमारी, कौल सिंह ठाकुर,राम लाल ठाकुर,राजेन्द्र राणा, विक्रमादित्य सिंह,चन्द्र कुमार,विनय कुमार को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।
इसके अतिरिक्त प्रताप सिंह बाजवा,सुप्रिया,संजय दत्त, तेजेन्द्र पॉल,गुरकीरत सिंह,श्रीनिवास,अमरिंदर सिंह बराड़, अलका लांबा,राजेश लिलोथिया और आचार्य प्रमोद कृष्ण भी स्टार प्रचारक के तौर पर हिमाचल में प्रचार करने आएंगे।



