
ट्रेन के धक्के से चाचा-भतीजे की मौत
नदिया- 15 सितंबर। नदिया जिला अंतर्गत बेथुआडहरी एवं मुरागाछा रेलवे स्टेशन के बीच गुरूवार सुबह रेलवे ट्रैक से दो लोगों के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मुखराम मंडल एवं सुफल मंडल के तौर पर हुई है। दोनों बेथुआडहरी मध्यपाड़ा के निवासी थे और रिश्ते में चाचा-भतीजा बताये जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त दोनों नशे में धुत्त थे। प्राथमिक रूप से पुलिस का अनुमान है कि बुधवार रात अंतिम लालगोला लोकल ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेथुआडहरी एवं मुरागाछा रेलवे स्टेशन के नजदीक ही देशी शराब का ठेका है जहां दोनों रोजाना शराब पीने जाते थे। बुधवार देर रात तक दोनों ने शराब पी थी और घर लौटते समय नशे में धुत होने के कारण ट्रेन की चपेट में आ गये।
कृष्णानगर थाने की पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि दोनों की मौत रेलवे लाइन पार करते समय हुई या फिर कोई अन्य वजह है दूसरी तरफ स्थानीय लोगों ने रेलवे लाइन के किनारे से जल्द से जल्द शराब के ठेके हटाने की मांग की है।



