
PAKISTAN:- लाहौर के चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में भीषण आग
लाहौर- 04 जून। पाकिस्तान में लाहौर के गुलबर्ग स्थित चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में शनिवार को भीषण आग लग गई। स्थानीय मीडिया की सूचनाओं के मुताबिक इस हादसे की पुष्टि बचाव अधिकारियों ने की है। आग तीसरी मंजिल पर फार्मेसी के गोदाम में लगी। वहां लाखों रुपये की दवाएं जलकर राख हो गईं। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अस्पताल की इमारत को खाली करा लिया गया है। दमकल विभाग के मुताबिक आग बुझाने के लिए कम से कम सात गाड़ियां भेजी गई हैं। साथ ही शहर भर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया है। 40 से ज्यादा दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चला है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को कराची में जेल चौरंगी के पास एक डिपार्टमेंटल स्टोर के बेसमेंट में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य बेहोश हो गए थे।



