
जितेंद्र त्यागी उर्फ रिजवी ने जताई संन्यास की इच्छा
हरिद्वार- 23 मई। इस्लाम छोड़कर हिन्दू धर्म अपनाने वाले शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन जितेंद्र त्यागी उर्फ वसीम रिजवी ने अब संन्यास लेने की इच्छा जताई है। रिजवी ने हरिद्वार के शांभवी धाम के पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप के सामने अपनी इस इच्छा को रखा है। स्वामी आनंद स्वरूप के साथ ही रिजवी ने रविवार को रुद्राभिषेक किया था।
स्वामी आनंद स्वरूप ने बताया कि जितेंद्र त्यागी उर्फ वसीम रिजवी ने संन्यास लेने की इच्छा जताई है। इसको लेकर मंगलवार को सभी अखाड़ों से बातचीत की जाएगी। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष से भी मुलाकात की जाएगी।
जानकारी के अनुसार वसीम रिजवी ने जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद हरिद्वार स्थित शांभवी धाम में काली सेना प्रमुख स्वामी दिनेशानंद भारती के साथ भगवान शंकर का रुद्राभिषेक किया था। इस दौरान रिजवी ने संन्यास की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि अब हिन्दू धर्म में आने के बाद वह सभी मोह माया से दूर होकर संन्यास परंपरा को धारण करने की इच्छा रखते हैं। अभी उनको संन्यास परम्परा में शामिल किया जाएगा या नहीं, इस पर विचार- विमर्श किया जा रहा है। बड़े संतों से भी राय ली जाएगी। परंपरा में ऐसा हो सकता है या नहीं, इस पर भी लंबे विचार-विमर्श के बाद उन्हें दीक्षा दिलाई जाएगी।



