एजुकेशन

दिल्ली के स्कूल देखेंगे पंजाब के अधिकारी, पंजाब में लागू होगा दिल्ली का शिक्षा मॉडल

चंडीगढ़- 15 अप्रैल। पंजाब के अधिकारियों को दिल्ली भेजने के बाद विपक्ष के निशाने पर आए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जहां अपनी सरकार का बचाव किया है, वहीं अगले सप्ताह वह खुद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ दिल्ली दौरा करने जा रहे हैं। मान के मंत्री अब दिल्ली के स्कूलों को देखेंगे।

हाल ही में पंजाब राज्य बिजली निगम के अधिकारियों का एक दल दिल्ली गया था। जहां उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद पंजाब की राजनीति गरमाई हुई है। पंजाब में विपक्षी दल कांग्रेस इस बैठक को लेकर मान सरकार को घेर रहा है। अकाली दल भी इस बैठक पर सवाल उठा चुका है।

इस विवाद पर विराम लगाते हुए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया था कि अधिकारी उनके निर्देश पर ही दिल्ली गए थे। मान से अधिकारियों के इस दौरे को स्टडी टुअर करार देते हुए कहा कि भविष्य में अगर जरूरत पड़ी तो पंजाब के अधिकारी गुजरात, तमिलनाडु व कर्नाटक भी जाएंगे। भगवंत मान ने साफ किया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी भी दिल्ली के स्कूल व अस्पताल देखने के लिए आ चुकी हैं।

इस विवाद के बीच भगवंत मान सरकार ने एक बार फिर से दिल्ली में स्टडी टुअर का कार्यक्रम बना लिया है। इस बार अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री भी होंगे। पंजाब शिक्षा विभाग के अधिकारियों का एक शिष्टमंडल 18 अप्रैल को दिल्ली जा रहा है। वहां दिल्ली शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। यही नहीं इस बैठक के दौरान पंजाब व दिल्ली के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। दोनों राज्यों के लिए शिक्षा मंत्री भी अपने अनुभव बांटेंगे। पंजाब के अधिकारी दिल्ली में एजुकेशन मॉडल देखने के लिए जाएंगे।

पंजाब के अधिकारी दिल्ली का दौरा करने के बाद पंजाब के वर्तमान शिक्षा ढांचे को लेकर एक रिपोर्ट सरकार को देंगे। उसके बाद दिल्ली मॉडल पर पंजाब के स्कूलों में सुधार किया जाएगा।

पंजाब को भगवान बचाए: बाजवा

मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पंजाब के अधिकारियों को दिल्ली भेजने के बयान के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने ट्वीट करके कहा कि यकीन नहीं होता कि पंजाब सरकार ने अधिकारियों को दिल्ली भेजा है। यह सरकार की अधिकारियों पर विश्वसनीयता तथा उनकी कार्यक्षमता पर सवाल उठाता है। अगर यह पूरा घटनाक्रम सही है तो पंजाब को भगवान बचाए।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button