
SSB की कार्रवाई: 405 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, 6 भागे
मधुबनी- 27 नवंबर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर मधुबनी, बिहार को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी महादेवपट्टी के जवानों ने महादेवपट्टी गांव के पास 405 लीटर नेपाली देसी शराब और एक बाइक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
SSB के अनुसार, गश्ती दल सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान सीमा स्तम्भ संख्या 283/05 से करीब 250 मीटर भारतीय क्षेत्र में नेपाल की ओर से 7 व्यक्ति भारत की तरफ आते दिखाई दिए। इनमें से 6 व्यक्ति माथे पर संदिग्ध सामान लेकर पैदल आ रहे थे, जबकि एक व्यक्ति बाइक पर सामान लेकर पीछे-पीछे आ रहा था।
गश्ती दल द्वारा रोकने का प्रयास करने पर सभी अपना सामान और बाइक छोड़कर भागने लगे। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया, जबकि शेष 6 व्यक्ति अपना सामान छोड़कर पास की जमुनी नदी में कूदकर नेपाल की ओर भाग गए।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रोशन कुमार दास (28), निवासी ग्राम महादेवपट्टी, पोस्ट उमगांव, थाना हरलाखी, जिला मधुबनी के रूप में हुई है। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि उसने यह शराब नेपाल के धनुषा जिला अंतर्गत रघोपुर निवासी गोरी कुमार से खरीदी थी।
48वीं वाहिनी SSB जयनगर ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और अन्य राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की रोकथाम के लिए बल निरंतर सतर्क और प्रतिबद्ध है।



