
रोहतास: आय से अधिक संपत्ति मामले में इंजीनियर के 5 ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी, 10 करोड़ की जमीन के 10 डीड मिले
रोहतास- 27 नवंबर। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अजीत कुमार दास वर्तमान में रोहतास जिले के सासाराम स्थित जांच एवं गुणवत्ता प्रमंडल में कार्यरत हैं।
निगरानी थाना में उनके खिलाफ 1 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है।
तलाशी के दौरान पटना में दो फ्लैट के दस्तावेज, बैंक, शेयर और एलआईसी के कागजात मिले हैं। इसके अलावा सिलीगुड़ी में पत्नी के नाम पर खरीदी गई 92 डिसमिल जमीन के 10 डीड भी बरामद हुए हैं। इस जमीन की बाजार कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि सिलीगुड़ी वाली जमीन का उल्लेख वार्षिक संपत्ति विवरण में नहीं किया गया था। निगरानी ब्यूरो की टीम बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है। छापेमारी के बाद संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।



