
LNMUTA ने कुलपति को लिखा पत्र, अनेवाले महाविद्यालयों के शिक्षकों की 4 बड़ी समस्याओं के निवारण की मांग
दरभंगा- 27 नवंबर। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (L.N.M.U.T.A.) ब्रजनन्दन प्रकोष्ठ ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय के अंतर्गत अनेवाले महाविद्यालयों के शिक्षकों के सामने उपस्थित समस्याओं के निवारण की मांग की है। संघ के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार और महासचिव डॉ. नीलेश कुमार के हस्ताक्षर से भेजा गया है।
बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग, पटना के माध्यम से सेवा में आये विभिन्न विषयों के शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के बावजूद उनके सेवा सम्पुष्टि के लिए कोई अग्रतर कार्रवाई नहीं हुई है। बिहार लोक सेवा आयोग, पटना के द्वारा आये विभिन्न विषयों के शिक्षकों की प्रोन्नति अवधि पूर्ण होने के बावजूद उनके प्रोन्नति संबंधी कार्य अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। विश्वविद्यालय के अंतर्गत आनेवाले अनेक महाविद्यालयों के वैसे शिक्षकों के पारिश्रमिक का भुगतान परीक्षा के साल भर बाद भी नहीं हुआ है, जो कि प्रायोगिक परीक्षा को संचालित करते हैं।
साल 2023-27 सत्र से लागू सीबीसीएसी पाठ्यक्रम के अंतर्गत सेमेस्टर परीक्षा के क्रम में होनेवाले आंतरिक मूल्यांकन के पारिश्रमिक की दर निर्धारित कर भुगतान करने का आदेश निर्गत किया जाए। संघ ने कहा है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द कार्रवाई करे, इसके लिए LNMUTA दरभंगा आभारी रहेगा। पत्र की प्रतिलिपि कुलसचिव, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा को भी भेजी गई है।



