
दरभंगा: 28 नवंबर को मनेगी महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती, लगेगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर, जरूरतमंदों को मिलेगा कंबल
दरभंगा- 27 नवंबर। महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह महाराज की 119वीं जयंती पर कल 28 नवंबर को महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह मेमोरियल अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, कामेश्वर नगर, दरभंगा में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। महाराजाधिराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के बाद कार्यक्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए कामेश्वर सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सचिव आशुतोष दत्त ने
बताया कि कार्यक्रम में उद्घाटनकर्ता के रूप में डॉ. अशोक प्रसाद, शिशु रोग विशेषज्ञ, डीएमसीएच, दरभंगा मौजूद रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विभागाध्यक्ष, अंग्रेजी, नालंदा महाविद्यालय, डॉ. हेमपति झा, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ चिकित्सक, डीएमसीएच, दरभंगा डॉ. आरके झा और सम्मानित अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्राचार्य, दरभंगा प्रो. कैलाश नाथ मिश्र की उपस्थिति रहेगी।
बतादें कि महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह दरभंगा राज के अंतिम शासक और मिथिला क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्योगपति थे। उन्होंने 1929 से 1952 तक दरभंगा राज का नेतृत्व किया। साल 1929 में अपने पिता महाराजाधिराज सर रामेश्वर सिंह के बाद वे दरभंगा के महाराजा बने।
उन्होंने कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के लिए अपना आनंद बाग पैलेस दान दिया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU), पटना विश्वविद्यालय और मिथिला स्नातकोत्तर शोध संस्थान को भी भूमि व आर्थिक सहायता दी। वे संविधान सभा (1933–1952) और राज्य सभा (1952–1962) के सदस्य रहे। 1930–1931 में गोलमेज सम्मेलन में भी उन्होंने भाग लिया।
चीनी, जूट, कोयला, विमानन (दरभंगा एविएशन) और समाचार पत्रों (द इंडियन नेशन, आर्यावर्त) से जुड़े रहे। वे अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के संरक्षक भी रहे।



