
मधुबनी में सुशासन दिवस, मंत्री लेसी सिंह ने गिनाईं नीतीश सरकार की 20 साल की उपलब्धियां
मधुबनी, 24 नवंबर। जनता दल यूनाइटेड के तत्वावधान में शहर के एक होटल के कर्पूरी सभागार में ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण भंडारी ने की। कार्यक्रम में बिहार सरकार की प्रभारी मंत्री एवं राज्य संयोजक सह मुख्य वक्ता लेसी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
अतिथियों को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, दुपट्टा एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता लेसी सिंह ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय बिहार की स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी। कानून-व्यवस्था बदहाल थी, सड़कों और बिजली की स्थिति खराब थी तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था भी अनेक समस्याओं से जूझ रही थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में बिहार की पहचान नकारात्मक रूप से होती थी और लोग बिहारी कहलाने में भी संकोच महसूस करते थे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता संभालने के बाद सबसे पहले कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और सुशासन स्थापित करने पर जोर दिया। संगठित अपराध पर नियंत्रण, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी गई। पिछले 20 वर्षों में बिहार ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज बिहारी कहलाना गर्व और सम्मान की बात बन गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संकल्प लें कि प्रत्येक वर्ष 24 नवंबर को सुशासन दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
झंझारपुर के सांसद आरपी मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच, अभिनव कल्पना और संकल्प शक्ति ने बिहार को नई पहचान दिलाई है। उनके कार्यकाल में ऐसे अनेक विकास कार्य हुए हैं, जिनसे बिहार और बिहारवासियों का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग अपनी बिहारी पहचान छिपाने से नहीं हिचकते थे, लेकिन आज यही पहचान गर्व का विषय बन चुकी है। ‘सुशासन दिवस: नीतीश संवाद’ बिहार के नवनिर्माण में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
जिला कार्यक्रम प्रभारी ललिता झा ने कहा कि बिहार कभी चुनौतियों से घिरा हुआ राज्य था, लेकिन नीतीश कुमार ने अपनी दूरदृष्टि और संकल्प शक्ति से चुनौतियों को संभावनाओं में बदलने का काम किया। विकास की नई राह दिखाकर बिहार को एक अलग पहचान दिलाई। जदयू जिला अध्यक्ष वीरेंद्र नारायण भंडारी ने कहा कि जनता के विश्वास और सभी वर्गों को साथ लेकर नीतीश कुमार लगातार बिहार को विकास की ओर अग्रसर कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक मीणा कामत,सुधांशु शेखर,सतीश शाह,अब्दुल कयूम, सईदा बानो, रंजीत कुमार झा, अहमद हुसैन,संतोष दास तांती, सुधीर राय, सईद अनवर, विपिन सिंह, कमलाकांत भारती,भरत चौधरी,गुलाब साह,रामबाबू कुशवाहा, प्रभात रंजन, सोनू मांझी, डॉ. संजीव झा, शिवचंद्र झा,अभिनव कुमार सिंह, सनी, कन्हैया झा, जावेद अनवर, सुभाष झा, महानारायण राय, बैजू नारायण चौधरी, मृणालकांत सिंह, सिद्धार्थ मेहता, बचनु मंडल, रामनरेश चौपाल, अशोक मंडल, विकास मिश्रा, उदयकांत चौधरी, प्रभुजी झा, नित्यानंद सिंह, सीमा मंडल, पप्पू पटेल, लड्डू चौधरी, विनोद मंडल, अविनाश गॉड, मुन्ना ठाकुर, उषा कुशवाहा, सोनी कुमारी, शिव शंकर राय, अनूप कश्यप, शशिकांत चौधरी, देवदत्त शाह, दिगंबर मिश्रा, रजा अली, कुलदेव यादव,सत्यनारायण यादव, धर्मेंद्र साह, प्रेम शंकर राय, प्रदीप झा,अशोक कामत,सुनील वर्णवाल, राम भरोस राय, राजेंद्र कामत, संतोष सिंह,विजय महतो, प्रमिला देवी, उपेंद्र कामत, महफूज आलम, महताब आलम, सुरेंद्र यादव, शिव कुमार दास, संजीव झा, संजय कुशवाहा, राजेंद्र कुशवाहा, विपिन गांधी, आलोक कुमार, अनिल झा, उदित मुखिया, प्रमोद गुप्ता, जागेश्वर चौधरी, नीलकंठ चौधरी, कमलेश कुंदन सहित हजारों की संख्या में जदयू कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।



