
MADHUBANI:- खजौली में मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई, 159 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी, 19 नवंबर। मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध खजौली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 159 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 1 महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 1 बाइक भी जब्त की गई है।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी है।18 नवंबर की संध्या खजौली थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जयनगर थाना क्षेत्र के बेतौन्हा निवासी मनोज दास अपनी बाइक से मादक पदार्थ लेकर ग्राम इनरवा स्थित एक आवासीय परिसर में देने आया है, जहाँ से अवैध रूप से ब्राउन शुगर का क्रय-विक्रय किया जा रहा है।
प्राप्त सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की उपस्थिति में खजौली थाना की पुलिस टीम द्वारा उक्त घर की घेराबंदी कर छापामारी की गई।
इस दौरान मकान के पिछले कमरे से निकलकर भागने का प्रयास कर रही 1 महिला को महिला सिपाहियों के सहयोग से पकड़ लिया गया। जबकि दूसरा तस्कर मनोज दास पुलिस को देख पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
तलाशी लेने पर कमरे के टेबल पर रखे एक बैग से कुल 159 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, बाट तथा बाइक बरामद की गई।
इस संदर्भ में खजौली थाना में कांड दर्ज कर गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है।



