
MADHUBANI: जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरा गंगासागर छठ घाट, प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी सबकी नजर
मधुबनी, 15 नवंबर। शहर के गंगासागर छठ घाट पर फिलहाल व्रतियों के परिजनों में आक्रोश और नाराजगी का माहौल है। सभी छठ घाट को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन को कोस रहे हैं।
लोगों का कहना है कि दो दिन पूर्व जिलाधिकारी ने यहां आकर घाट का निरीक्षण किया था, व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इसके बाद भी अगर यही स्थिति है, तो प्रशासन के दावों का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। लोगों ने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन ने गंगासागर पोखर को ‘आदर्श छठ घाट’ बताया था, लेकिन जमीन पर स्थिति भयावह बनी हुई है।
वहीं, स्थानीय दुकानदारों की मनमानी भी देखने को मिल रही है। घाट किनारे की दुकानें नहीं हटाई गईं और ना ही घाट तक व्रतियों के उतरने के लिए मिट्टीकरण किया गया। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। जबकि आज शाम संध्या अर्घ्य के लिए हजारों व्रतियां छठ घाट पर पहुंचेंगी। फिलहाल इनके सामने भारी परेशानी खड़ी हो गई है। पोखर के एक भिंडा पर पूर्व से बने दुकानों के पीछे का चदरा हटा देने के बाद घाट तक नीचे उतरने का रास्ता ही करीब चार फीट ऊंचा हो गया है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर दोपहर तक व्यवस्था नहीं सुधरी, तो शाम को संध्या अर्घ्य के समय हजारों व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती है।
फिलहाल गंगासागर पोखर पर परिजन मिट्टी काटने में जुटे हैं, तो दूसरी तरफ व्रतियों के परिवारों में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है। अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
बतादें कि आज सुबह जैसे ही व्रती और उनके परिजन घाट पर पहुंचे, स्थिति देखकर सबके होश उड़ गए। छठ घाट पर रत्नेश श्रीवास्तव, अरुण कुमार, मदन खंडेलवाल, आशीष कुमार, मिथिलेश कुमार सहित दर्जनों लोग कुदाल से मिट्टी काटकर स्लोप बनाने में जुट गए हैं, ताकि व्रतियों को घाट तक उतरने में कोई दिक्कत न हो।
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि छठ में एक दिन भी नहीं बचा है। अब भी समय है, अगर दुकानों को हटाकर घाट को समतल कर दिया जाए तो समस्या खत्म हो जाएगी। बैरिकेडिंग और सीढ़ीनुमा स्लोप की व्यवस्था की जाए, ताकि व्रती सुरक्षित तरीके से जल में उतरकर अर्घ्य दे सकें।



