
MADHUBANI: 164 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 82 लाख की खेप जब्त
मधुबनी, 14 नवंबर। लौकहा थाना पुलिस ने इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 164.4 किलोग्राम गांजा के साथ 2 तस्करों धीरज कुमार, भगवतपुर, थाना- सरायरंजन, जिला- समस्तीपुर व बॉबी कुमार, निकसपुर, थाना- ताजपुर, जिला- समस्तीपुर को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 82. 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से बलान नदी बेसिन के रास्ते ग्राम बेलदारी होकर गांजा की बड़ी खेप पार होने वाली है। सूचना पर लौकहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने SSB के सहयोग से बलान नदी के दोनों तटबंधों पर घेराबंदी की।
सुबह एक स्कॉर्पियो बेलदारी के सामने बांध से उतरकर बलान नदी बेसिन की तरफ गई। तटबंध पर चढ़ने के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
तलाशी में स्कॉर्पियो की बीच वाली सीट के नीचे और पिछले हिस्से में छिपाकर रखे 09 बोरों से 164.4 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों के पास से 02 मोबाइल भी मिले।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नेपाल से गांजा लोड कर फुलपरास-झंझारपुर के रास्ते बेगूसराय जीरो माइल ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त कर लौकहा थाना में कांड संख्या-270/26 दर्ज किया है।



