
MADHUBANI: लौकही में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लोडेड पिस्टल-कट्टा और 19 कारतूस के साथ 1 गिरफ्तार
मधुबनी, 14 नवंबर। अवैध आग्नेयास्त्र के विरुद्ध लौकही थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 01 लोडेड पिस्टल, 01 देशी कट्टा, मैगजीन, 19 कारतूस एवं कारतूस बेल्ट के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 13 नवंबर को लौकही थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम हीरपट्टी निवासी अनिल कुमार पासवान अवैध हथियार लेकर घूमता है तथा लोगों को डराता-धमकाता है और वर्तमान में अपने घर पर ही मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम हीरपट्टी स्थित अनिल कुमार पासवान के घर पर घेराबंदी कर छापामारी की। पुलिस वाहन को देखकर घर के पिछले दरवाजे से भागने का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया, जिसकी पहचान अनिल कुमार पासवान के रूप में हुई।
तलाशी के क्रम में अभियुक्त के घर के कमरे में बिस्तर के नीचे छुपाकर रखा हुआ 01 देशी पिस्टल (जिसके मैगजीन में 06 जिंदा कारतूस), 01 देशी कट्टा, पिस्टल का 01 अतिरिक्त मैगजीन (जिसमें 03 जिंदा कारतूस) तथा कारतूस रखने वाले बेल्ट से 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त अभियुक्त के पास से एक मोबाइल भी बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद सभी अवैध आग्नेयास्त्र, कारतूस एवं मोबाइल को विधिवत जब्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में लौकही थाना कांड संख्या 172/26 दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। हथियार उपलब्ध कराने वाले अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



