
MADHUBANI: सुंदर व स्वच्छ शहर के दावा खोखला, नगर निगम के वार्ड 35 में सड़क अधूरा, जलजमाव से भारी परेशानी
मधुबनी – 14 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-35 में राघोनगर चौक से पुरानी दुर्गा मंदिर जाने वाली सड़क पर जलजमाव सुंदर व स्वच्छ शहर के दावे को खोखला साबित कर रहा है। यहां सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है। छठ महापर्व के मौके पर भी सड़क पर जलजमाव आम लोगों और व्रतियों के लिए परेशानी बन गया है। अधूरी सड़क के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जलजमाव से सड़क से गुजरना कठिन हो रहा है। गंदे पानी से होकर गुजरने से चर्मरोग और संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। दुर्गंध और कीड़े-मकोड़ों के बीच लोगों को आना-जाना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि करीब चार माह पहले नाला निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है। उम्मीद थी कि जलनिकासी की समस्या दूर होगी, लेकिन हालात और बिगड़ गए। कई जगहों पर पानी लगातार जमा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक जलजमाव और दुर्गंध के कारण आने से कतरा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक पहले ही कई बार अधूरी सड़क पर फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। बच्चों को स्कूल जाने, बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी होती है। बरसात हो या गर्मी, सड़क का गंदा पानी कभी पूरी तरह सूखता नहीं। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
मोहल्लावासियों ने नगर निगम से मांग की है कि अधूरी सड़क का काम पूरा कराया जाए, जलजमाव खत्म किया जाए, सफाई और ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जाए। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि सफाई कर्मियों को जलनिकासी के निर्देश दिए गए है।



