DARBHANGA: एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत, एक कोमा में, एक ही बाइक पर सवार थे चारों
दरभंगा, 11 नवंबर। जिले में बुधवार को अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुआ। चारों किशोर एक ही टीवीएस दोपहिया वाहन पर सवार थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक और घायल सभी दरभंगा शहर के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला, वार्ड संख्या 39 के निवासी थे। चारों किशोर बुधवार तड़के करीब तीन बजे परिजनों को बिना बताए घर से निकले थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को मस्जिद में नमाज पढ़ने जाने की बात कही थी। इसके बाद चारों टीवीएस बाइक पर सवार होकर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर चले गये, जहां करीब चार बजे सुबह दुर्घटना हो गयी।
इस हादसे में 15 वर्षीय फारिश, 15 वर्षीय मोहम्मद इस्तेखार और 16 वर्षीय अल्ताफ नियाज की मौत हो गयी। वहीं, 16 वर्षीय मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्हें दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, घायल किशोर कोमा में है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में कोहराम मच गया। एक ही मोहल्ले के तीन किशोरों की मौत से बाकरगंज के मोमिन टोला में शोक का माहौल है। पूरे मोहल्ले में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरा हादसे की वजह मानी जा रही है।



