
मधुबनी नगर निगम के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मी फिर हड़ताल पर, 30 को घेराव और 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
मधुबनी- 27 अक्टूबर। बिहार लोकल बॉडीज इम्पलॉईज फेडरेशन एवं राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर मधुबनी नगर निगम के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
संघ के महासचिव बलराम (मजदूर संघ) ने सोमवार 27 अक्टूबर को सदर अनुमंडल पदाधिकारी को पूर्व सूचना पत्र सौंपा है। पत्र में कहा गया है कि विभागीय आदेशों के अनुपालन में बरती जा रही उदासीनता, स्थानीय निकाय कर्मियों की लंबित समस्याओं के समाधान नहीं होने और कर्मचारी हितों की लगातार अनदेखी के विरोध में यह निर्णय लिया गया है।
30 अक्टूबर 2026 को बिहार लोकतंत्र दिवस के अवसर पर एकजुटता प्रदर्शन एवं नगर निगम, मधुबनी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
मांगें नहीं मानी गईं तो 03 नवंबर 2026 से संघ के सभी कर्मचारी पुनः संपूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने इस संबंध में बिहार लोकल बॉडीज फेडरेशन के राज्य स्तरीय पत्र ज्ञापांक- 09/स्टेट/BLBEF 153/26 दिनांक 16.10.2026 को आधार बनाया है। इसकी प्रतिलिपि नगर आयुक्त मधुबनी और श्रम अधीक्षक को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर निगम के सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जा चुके हैं। यदि इस बार भी हड़ताल होती है तो दीपावली-छठ के बाद शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर चरमरा सकती है।



