
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की अहम बैठक, पीपीपी मॉडल पर ब्राउनफील्ड मेडिकल कॉलेज खोलने पर चर्चा
पटना, 16 अक्टूबर। लोक सेवक आवास, पटना में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, पीपीपी मॉडल के तहत ब्राउनफील्ड मेडिकल कॉलेजों की स्थापना एवं संचालन, जिला अस्पतालों को उन्नत बनाने तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से संबंधित प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में तय किया गया कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत प्रस्तावित ब्राउनफील्ड मेडिकल कॉलेजों का स्वामित्व सरकार के पास ही रहेगा और स्वामित्व हस्तांतरण का कोई प्रावधान नहीं होगा। निजी भागीदारी में बिहार के निवेशकों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी भूमिका स्पष्ट रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
इस व्यवस्था में मरीजों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। अस्पतालों के निर्धारित शुल्क, मरीजों की पात्रता, बिस्तरों की श्रेणियों एवं मरीजों के अधिकारों से संबंधित सभी जानकारियाँ सार्वजनिक की जाएँगी। सरकार ने कहा कि बिहार में उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार प्राथमिकता है। इस दिशा में इन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
मौके पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे।



