
SSB की बड़ी कार्रवाई, 163 हीरे जैसे दानों के साथ नेपाली नागरिक पकड़ा, वजन 10 कैरेट
मधुबनी – 19 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर 48वीं वाहिनी SSB ने चेकिंग के दौरान हीरे जैसे दिखने वाले 163 दानों के साथ एक नेपाली नागरिक को पकड़ा है। वह काठमांडू से मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जा रहा था। बरामदगी सीमा स्तंभ 269/06 से करीब 500 मीटर दूर हुई।
‘एफ’ समवाय की सीमा चौकी बेतौन्हा के जवानों ने बेतौन्हा-मारर चेक पोस्ट पर नेपाल से भारत आ रहे एक के ट्रॉली बैग को बैगेज स्कैनर से स्कैन किया। शक होने पर बैग खोला गया तो प्लास्टिक बॉक्स में रखे पाउच से ये दाने बरामद हुए।
आरोपित ने बताया की यह लैब-ग्रोन हीरा है। इसे निजी आभूषण बनवाने के लिए भारत ले जा रहा था, लेकिन उसके पास खरीद की कोई रसीद नहीं थी। कमांडेंट ने बताया कि सीमा पर आने-जाने वालों की सख्त जांच जारी है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के कोशी प्रदेश के आखलढ़ुगा जिला के रानीवन थाना क्षेत्र के चम्पादेवी गांव निवासी 31 वर्षीय राहुल छेत्री के तौर पर हुई है।



