लखनऊ- 03 मई। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद का नाम बदला है जाम और व्यवस्था में कुछ सुधार नहीं हुआ। जिस प्रकार से यहां उम्मीदवार बदलदना पड़ा, वैसे ही जनता निकाय चुनाव में सपा को चुनने जा रही है।
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से बुधवार को पहले ट्वीट में कहा कि नाम बदला जाम नहीं! इलाहाबाद को प्रयागराज कह देने से अगर शहर की व्यवस्था में कुछ सुधार होता तो जनता कुछ सोचती भी, लेकिन शहरी सुविधाओं को लेकर जिस प्रकार जनता में भाजपा के खिलाफ गुस्सा है, उसको देखते हुए भाजपा ने मेयर का उम्मीदवार ही बदल दिया। इलाहाबाद सपा को चुनेगा।
सपा अध्यक्ष ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि भाजपाइयों में हार का डर इतना है कि पहली बार नगर निकाय के चुनावों में वो कई हेलीकाप्टरों से पूरे उप्र में प्रचार कर रहे हैं और ऐसा करके वो सड़कों के गड्ढों, जाम, छुट्टा जानवरों और गंदगी-बदबू जैसी जनता की समस्याओं से मुंह छिपाकर, बचकर निकल जाना चाहते हैं। भाजपा ये चुनाव हारेगी।
नगरीय निकाय चुनाव के तहत पहले चरण में चार मई गुरुवार को होने वाले मतदान से पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधने को मतदाताओं को अपने पक्ष में करने वाला प्रयास माना जा रहा है।
