
MADHUBANI:- नगर निगम के वार्ड 14 में जलजमाव के बीच स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, बीमारी फैलने का खतरा
मधुबनी- 19 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 14 में माल कचहरी जाने वाली सड़क पर जलजमाव से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है।
सड़क की ली गई तस्वीर में देखा जा सकता है कि सड़क पर घुटने भर गंदा पानी जमा है। जल निकासी की सुविधा नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसी गंदे पानी के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है, जबकि लोगों को पीने के पानी के लिए भी बाल्टी लेकर इसी पानी से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय विजय, घनश्याम, राजन कुमार, श्याम मंडल, मनोज राय, सुबोध राय का कहना है कि कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन अब तक जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। गंदे पानी में आने-जाने से बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। वार्ड वासियों ने नगर निगम आयुक्त से अविलंब जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।



