
MADHUBANI:- गंगासागर चौक महादेव मंदिर पर 27 अगस्त को होगा जेवनार का आयोजन, बाबा गणिनाथ की होगी पूजा-अर्चना
मधुबनी- 27 अगस्त। हलवाई समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला पारंपरिक जेवनार पूजा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ 27 अगस्त गुरुवार को मनाया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन शहर के गंगासागर चौक स्थित महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होगा। इस साल की तैयारी को लेकर समाज के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजक समाजसेवी व पूर्व वार्ड पार्षद कैलाश साह ने बताया कि हलवाई समुदाय के लिए यह काफी महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन होता है। इस दिन समाज के लोग एकजुट होकर बाबा गणिनाथ का आशीर्वाद लेते हैं। सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। उ
न्होंने बताया कि जेवनार पूजा में हलवाई समाज के आराध्य बाबा गणिनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। संध्या काल में पूरी, खीर, हलवा सहित अन्य प्रसाद का भोग लगाकर समुदाय के लोगों के बीच वितरण किया जाता है। यह आयोजन दशकों से निरंतर चला आ रहा है।
इस दिन हलवाई समाज के कुलगुरु और आराध्य संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन, आरती और भजन-कीर्तन किया जाता है।मान्यता के अनुसार बाबा गणिनाथ का जन्म विक्रम संवत 1007 में भाद्रपद कृष्ण अष्टमी को हुआ था। उन्होंने योग और वेद-वेदांग की शिक्षा ली और सिद्धियां प्राप्त कीं। बिहार की पलवैया धाम की पवित्र भूमि पर गणराज्य की स्थापना कर समतामूलक राज्य और सनातन संस्कृति की रक्षा की। उन्हें एक महान समाज सुधारक और राष्ट्रवादी संत के रूप में पूजा जाता है। भारत सरकार द्वारा भी उन पर स्मारक डाक टिकट जारी किया गया है।



