
MADHUBANI:- अपराध नियंत्रण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएंः एसपी
मधुबनी-14 मई। जिले में नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने शनिवार को अपने कार्यालय में जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों के साथ परिचयात्मक के बाद आयोजित बैठक में जिले के विधि व्यवस्था की जानकारी ली।
विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य करने का आदेष एसपी ने थानाध्यक्षों को दिया। तथा कहा कि थाना बार हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सूची तैयार कर उन्हें ढूंढ कर गिरफ्तार करें। एसपी ने कहा कि ऐसे अपराधी जिन पर जघन्य घटनाओं के आरोप तय हो चुके हैं,उनकी सूची तैयार करें। तथा ऐसे अपराधी जहां कहीं भी छुपे हुए हो, उनकी गिरफ्तारी करें। नहीं तो उनकी संपत्ति की कुर्की जब्ती कराएं।

अपराध नियंत्रण को लेकर थाना क्षेत्रों में गष्ती के दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनके परिचय को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। बैंक,पोस्ट ऑफिस एवं निजी संस्थान से संबंधित वित्तीय लेन देन को चिन्हित करने एवं सुरक्षा के लिए इन स्थलों की निगरानी कराने का निर्देश दिया। एसपी सुशील कुमार ने बताया कि हत्या,डकैती,लूट अपहरण (फिरौती से संबंधित) एवं दुष्कर्म मामलों के अपराधी किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस को भी चुस्त-दुरुस्त बनाया जाएगा। बैठक में मुख्यालय एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार,झंझारपुर,बेनीपट्टी एवं फुलपरास एसडीपीओ के अलावा सभी अंचल के पुलिस निरीक्षक,सभी थानाध्यक्ष एवं मेजर धरमपाल उपस्थित थे।



