
बिहार
MADHUBANI:- कलुआही में 15 वर्षों से बंद शाखा नहर को लेकर किसानों ने 6 घंटे रखा NH-527B जाम, एक सप्ताह में काम शुरू करने का मिला आश्वासन
मधुबनी- 04 अगस्त। शाखा नहर में वर्षों से पानी नहीं आने से नाराज किसानों ने मंगलवार को किसान संघर्ष समिति के बैनर तले मुरेठ चौक पर एनएच-527बी (पूर्व एनएच-105) को करीब छह घंटे तक जाम कर दिया। आंदोलन के कारण सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आंदोलनकारियों से वार्ता शुरू की। किसान संघर्ष समिति के नेता एवं बिहार राज्य किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष दिलीप झा ने कहा कि काकरघाटी कोशी योजना के तहत करीब 20 वर्ष पूर्व बनी लोहा शाखा नहर आज तक चालू नहीं हो सकी है। इसके कारण लोहा, केवटा, शुभंकरपुर सहित आसपास के गांवों के हजारों एकड़ खेत सिंचाई सुविधा से वंचित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों द्वारा कई बार जिला प्रशासन को आवेदन देने के बावजूद केवल आश्वासन मिला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। दिलीप झा ने कहा कि मुरेठ में एनएच पर पुलिया निर्माण होने से शाखा नहर में पानी का प्रवाह शुरू हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा जांच के निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित विभागों ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो 10 अगस्त को जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। पूर्व सरपंच जय मोहन झा ने कहा कि विजलपुरा, नरही तथा हरिपुर दक्षिण पंचायत के किसानों को भी सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने साइफन निर्माण सहित अधूरी कोशी परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
मौके पर पश्चिमी कोशी प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता वीरेन्द्र कुमार, कोशी एवं राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग के कार्यपालक अभियंता, बेनीपट्टी एवं खजौली के डीएसपी, कलुआही और अड़ेर थाना की पुलिस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम हटा लिया गया।
आंदोलन में अजय झा, अरुण चौधरी, नवीन झा, प्रभात झा, विलटु पासवान, सोखी लाल यादव, राम उदगार यादव, राजकुमार यादव, नीतीश मिश्र, रामनाथ राय समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल थे।



