
MADHUBANI: नई सशक्त स्थाई समिति की पहली बैठक में फिर से लाया जा सकता पूर्व लिपिक के आश्रित का नियुक्ति का ऐजेंडा
मधुबनी- 01 जून। मधुबनी नगर निगम के नई सशक्त स्थाई समिति की पहली बैठक इसी माह होने वाली है। पहली बैठक समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए काफी अहम हो सकता है। माना जा रहा है कि अगली बैठक में बीते 19 मई को पिछली बैठक में लाए गए ऐजेंडा में अन्य विषयों के साथ नगर निगम के पूर्व लिपिक अकिल अहमद के आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति को फिर से लाया जा सकता है। बता दें कि बीते 19 मई को सशक्त स्थाई समिति बैठक आयोजित की गई थी। लेकिन बैठक के दिन ही सशक्त स्थाई समिति के सदस्य पद के लिए मतदान का आदेश जारी होने के चलते आचार संहिता को देखते हुए बैठक स्थगित कर दी गई। बैठक के एजेंडा में अन्य मामलों के अलावा निगम के पूर्व लिपिक अकिल अहमद के आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति को शामिल किया गया था। लेकिन बैठक स्थगित होने के चलते ऐजेंडा को स्वीकृति नहीं मिल सकी। अब सशक्त स्थाई समिति की बैठक में ऐजेंडा पारित होने के बाद इसे बोर्ड की बैठक में सहमति मिलने के बाद नियुक्ति की प्रकिया अपनाई जा सकेगी।
बतादें कि करीब चार साल पूर्व मार्च 2022 में नगर निगम कार्यालय के एक कक्ष में लिपिक अकिल अहमद का शव पंखा से लटका पाया गया था। घटना को लेकर नगर थाना में मृतक लिपिक के स्वजन द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शव पाए गए निगम के कक्ष को सील कर दिया गया। चार साल बाद भी इस कक्ष को खोला नहीं जा सका है। चार साल बाद से मामला हत्या-आत्महत्या के पेच में फंसा रहा। बता दें कि घटना को लेकर निगम के कर्मियों में तरह-तरह के कयास लगाए गए थे। कर्मियों इतना उग्र हो गए थे कि घटनास्थल पर तत्कालीन डीएम को आना पड़ा था। बहरहाल लिपिक अकिल अहमद की मौत की जांच रिपोर्ट का आज भी शहर के लोगों को इंतजार है।



