मधुबनी- 13 सितंबर। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के कछरा उकमा टोल में विवाहित महिला की हत्या दहेज प्रताड़ना में किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। कथित मृतका 25 वर्षीय कंचन देवी की हत्या कर शव को करहारा बांध के निकट नदी किनारे जला देने का आरोप महिला के पिता विशेश्वर मुखिया ने लगाई है। पीड़ित पिता ने बताया कि, उनके एक रिश्तेदार ने गुरुवार को सूचना दी की, उनके पुत्री की हत्या कर शव को जला दिया गया है। सूचना मिलने पर वे लोग ग्रामीणों के साथ मनपौर से उकमा टोल गए। जहां पुत्री के ससुराल पक्ष के लोग फरार थे और जब नदी किनारे गए तो नदी किनारे शव जला हुआ देखे। नदी किनारे उनके बेटी के घर का मच्छरदानी फेंका हुआ था और उससे कुछ ही दूरी पर गोबर का उपला फेंका था। पीड़ित पिता ने बताया कि, उन्होंने बेटी की शादी सात वर्ष पूर्व उकमा टोल के मनक मुखिया के पुत्र सुनील मुखिया से की। जहां दान-दहेज देकर विवाह संपन्न कराया था। शादी के कुछ ही समय बाद आरोपियों की ओर से दहेज स्वरूप दो लाख की मांग की गई। जिसे वे देने में असमर्थ हुए। पीड़ित पिता ने बताया कि गुरुवार की सुबह ही उनका दामाद मुम्बई से आया था। तथा शाम पांच बजे सभी आरोपी एकजुट होकर पुत्री की हत्या कर दिए। उधर, बेनीपट्टी पुलिस आवेदन के आलोक में जांच शुरू कर दी है।
