
CM सम्राट ने बक्सर में जीविका भवन का किया उद्घाटन, 92 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात
बक्सर 23 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर जिले के चुरामनपुर में जीविका भवन का उद्घाटन किया तथा करीब 92 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर बक्सर की जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से अपनी सफलता और जीवन में आए बदलाव की कहानियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं बिहार की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने अपनी मेहनत और हुनर के बल पर 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये का मार्केट खड़ा किया है। उन्होंने सुधा के माध्यम से बकरी के दूध की बिक्री तथा सब्जी उत्पादकों को सहकारिता से जोड़ने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
बक्सर के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने बक्सर से भागलपुर के बीच बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का नाम ‘विश्वामित्र पथ’ रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे से भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई और बांका जिले भी जुड़ेंगे।
इससे पूर्व वामन द्वादशी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने बक्सर स्थित वामन भगवान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित विकास कार्यों के ले-आउट प्लान की भी जानकारी ली।



