
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विरासत में मिले शराबबंदी कानून पूरी तरह फेल: ब्रह्मानंद यादव
मधुबनी- 13 जुलाई। रहिका सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष व राजद के वरीय नेता ब्रह्मानंद यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विरासत में मिले शराबबंदी कानून पूरी तरह फेल हो चुका है। बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह बेपटरी हो गया। साल 2016 में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू किए जाने के एक दशक के बाद भी बिहार के गांवों से लेकर शहरों तक प्रतिदिन शराब का खेप बरामद किए जा रहे हैं। शराब के धंधेबाजों की संख्या बढती चली गई। शासन-प्रशासन शराबबंदी कानून को धरातल पर उतारने में विफल रही है। यह पुलिस प्रशासन और उत्पाद विभाग के लिए कमाई का जरिया बन गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शराबबंदी कानून को सख्ती से पालन कराने में अक्षम साबित हो रहे है। शराबबंदी के बाद से अब तक बड़ी संख्या में मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद भी इसकी अवैध तस्करी पर रोक लगाने में सरकार को सफलता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में शासन-प्रशासन की नाकामी का खामियाजा सबसे अधिक युवाओं के एक वर्ग को भुगतान पड़ रहा है। युवाओं के एक वर्ग में शराब का धंधा कमाई का जरिया बन गया। इससे युवाओं का भविष्य अंधकार में होता चला गया है। शराब के धंधे में हजारों युवा फंसकर अपना करियर समाप्त कर रहे हैं। ऐसे युवाओं के पास रोजगार का कोई माध्यम नहीं बचा है। ऐसे युवा अपराधी गतिविधियों में शामिल होने लगा। अनेकों तरह की अपराध की घटना के पीछे शराब धंधेबाजों की संलिप्ता सामने आई है।



