
केंद्र ने छह IAS का किया तबादला, दीप्ति गौर मुखर्जी उच्च शिक्षा सचिव, पल्लवी जैन गोविल कॉरपोरेट मामलों की सचिव बनीं
नई दिल्ली- 11 अगस्त। केंद्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने सोमवार को जारी आदेश में मध्य प्रदेश कैडर की 1994 बैच की आईएएस अधिकारी पल्लवी जैन गोविल को कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया है। वहीं, दीप्ति गौर मुखर्जी को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है।
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पल्लवी जैन गोविल वर्तमान में युवा मामले विभाग की सचिव हैं। उन्हें दीप्ति गौर मुखर्जी के स्थान पर कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर तमिलनाडु कैडर के 1993 बैच के आईएएस अधिकारी सुनील पालिवाल को युवा मामले विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। पालिवाल वर्तमान में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष हैं।
मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईएएस अधिकारी दीप्ति गौर मुखर्जी का भी तबादला किया गया है। उन्हें शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वह विनीत जोशी की जगह लेंगी। विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।
ओडिशा कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी सुशील कुमार लोहानी को कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी रहते हुए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पद बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अधीन है। उन्हें सचिव स्तर का पद और वेतन दिया जाएगा। उनके लिए अध्यक्ष का पद अस्थायी रूप से सचिव स्तर तक उन्नत किया गया है।
मध्य प्रदेश कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी वी.एल. कांताराव का भी तबादला किया गया है। उन्हें जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग के सचिव पद से हटाकर गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें सचिव स्तर का पद एवं वेतन दिया जाएगा। वह 30 सितंबर, 2026 को अंसुली आर्या के सेवानिवृत्त होने के बाद राजभाषा विभाग के सचिव का कार्यभार संभालेंगे।
असम-मेघालय कैडर की 1995 बैच की आईएएस अधिकारी अर्चना वर्मा को जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वह वीएल कंठा राव का स्थान लेंगी। अर्चना वर्मा वर्तमान में राष्ट्रीय जल मिशन की मिशन निदेशक हैं।



