
CM सम्राट ने आंगनबाड़ी कर्मियों के लंबित मानदेय का दशहरा से पहले भुगतान का दिया निर्देश और 100 करोड़ के परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद कहा- जयनगर में कमला नदी पर बैराज निर्माण में तेजी लाऐं
पटना- 22 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘बिहार गति’ के अंतर्गत राज्य में क्रियान्वित 100 करोड़ रुपये से अधिक राशि की परियोजनाओं एवं अन्य केंद्र प्रायोजित तथा राज्य योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में पथ निर्माण, जल संसाधन, उद्योग एवं समाज कल्याण विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गया में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) का शुभारंभ अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में सुनिश्चित किया जाए। इससे लगभग 20,000 करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है।
उन्होंने आंगनबाड़ी एवं संबंधित कर्मियों के लंबित मानदेय का भुगतान दशहरा से पहले अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा औरंगाबाद, सासाराम एवं डेहरी पेयजल आपूर्ति योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मधुबनी के जयनगर में कमला नदी पर बैराज निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ दक्षिण बिहार की नहरों एवं नदियों के तटबंधों के सोलराइजेशन के लिए कार्य योजना तैयार करने का भी निर्देश दिया।



