
भारत और अमेरिका के बीच वर्चुअल माध्यम से गृह सुरक्षा मामलों पर वार्ता
नई दिल्ली- 12 जनवरी। भारत-अमेरिका होमलैंड सुरक्षा वार्ता प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुधवार को वर्चुअल मोड में आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता गृह सचिव अजय भल्ला और अमेरिका रणनीति, नीति और योजना, गृहभूमि सुरक्षा विभाग के अवर सचिव रॉबर्ट सिल्वर ने की। बैठक में दोनों देशों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने वर्तमान में जारी आपसी सहयोग की समीक्षा की। साथ ही आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे व वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित बनाने, समुद्री सुरक्षा, विमानन सुरक्षा, सीमा शुल्क प्रवर्तन व व्यापार सुरक्षा में सहयोग को आगे बढ़ाने सहित अन्य मुद्दों पर अवसरों और तालमेल का पता लगाने के लिए आगे की योजना पर विचार किया।
दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि होमलैंड सुरक्षा वार्ता के तहत कानून प्रवर्तन एजेंसियों, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की सुरक्षा, विमानन सुरक्षा, खोजी सहयोग और क्षमता निर्माण व प्रशिक्षण मौजूदा उप-समूह आने वाले महीनों में अलग-अलग मिलेंगे। इसमें वे विचार-विमर्श कर आगे सहयोग को मजबूत करने से जुड़े मसलों पर चर्चा करेंगे।
बैठक दोनों पक्षों की मौजूदा साझेदारी पर संतोष व्यक्त करने और आपसी चिंता के सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय पहलुओं और सहयोग को प्रगाढ़ करने पर सहमत होने के साथ संपन्न हुई। दोनों पक्ष इस वर्ष के अंत में मंत्रिस्तरीय गृहभूमि सुरक्षा वार्ता आयोजित करने को भी तैयार हैं।



