
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, मंत्रालय को मिला धमकी भरा पत्र
नई दिल्ली- 01 सितंबर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने इस संबंध में केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है। दिनांक 01/09/2026 को जारी पत्र (Dy No- MoFPI/Res./AS/26/1066) के अनुसार मंत्रालय में आज एक बिना हस्ताक्षर वाला पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें दो मोबाइल नंबर भी लिखे थे। उसे खोलने पर केंद्रीय मंत्री को सीधे धमकी दी गई थी।

पत्र में धमकी भरी लाइन लिखी है: “You will be killed shortly by hardcore terrorists.” पत्र में कहा गया है कि चिराग पासवान वर्तमान में गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त Z-श्रेणी की सुरक्षा में हैं और “हार्डकोर आतंकवादियों” का जिक्र होने से उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।.पत्र में आग्रह किया गया है कि मामले की उत्पत्ति और सत्यता की तत्काल गहन जांच की जाए। केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे और मजबूत किया जाए।
इस पत्र की कॉपी माननीय गृह मंत्री अमित शाह के निजी सचिव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है। लोजपा नेताओं ने कहा है कि लोकतंत्र में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। गृह मंत्री से दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।



