
MADHUBANI:- दो दशक से आवेदन, फिर भी नहीं हटा अतिक्रमण; चकदह गुलटेनी पोखर को लेकर लोगों में आक्रोश, अब आंदोलन की तैयारी
मधुबनी- 01 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 स्थित चकदह गुलटेनी पोखर का अतिक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। पोखर अतिक्रमण के कारण सिमट कर रह गया है। पोखर के चारों तरफ पक्का निर्माण कर इसके कैचमेंट एरिया को बंद कर दिया गया है। कूड़ा-कचरा और मिट्टी भराव के कारण पानी का प्राकृतिक प्रवाह रुक गया है।अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो यह पोखर पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
बतादें कि चकदह गुलटेनी पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग दो दशकों से की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 20 साल से लगातार अंचल कार्यालय, जिला प्रशासन और वरीय अधिकारियों तक लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं। बावजूद इसके आज तक अतिक्रमण खाली कराने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। रहिका अंचल प्रशासन की उदासीनता के कारण पोखर की जमीन पर अतिक्रमण और बढ़ गया है। आलम यह है कि पोखर की जमीन पर मकान निर्माण का कार्य खुलेआम चल रहा है। अंचल प्रशासन की चुप्पी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अतिक्रमित तालाब को मुक्त कराने के लिए आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
लोगों ने रहिका अंचल प्रशासन से मांग की है कि अविलंब निर्माण कार्य पर रोक लगाकर पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। बता दें कि मत्स्य विभाग की अतिक्रमित 32 तालाबों की सूची में यह पोखर का शामिल है। इधर, रहिका अंचल अधिकारी ने बताया कि चकदह गुलटेनी पोखर की मापी कराई जाएगी। मापी रिपोर्ट आने के बाद अतिक्रमण खाली की कार्रवाई की जाएगी।



