
डिजिटल दौर की मार : टाइम्स समूह का हिंदी सांध्य दैनिक ‘सांध्य टाइम्स’ बंद
दिल्ली, 31 अगस्त। डिजिटल मीडिया के बढ़ते दबाव ने एक और प्रिंट अखबार को इतिहास बना दिया। टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप का प्रतिष्ठित हिंदी सांध्य दैनिक सांध्य टाइम्स आज 31 अगस्त को आखिरी बार छपा। कल से यह अखबार बाजार में नहीं आएगा। सांध्य टाइम्स राजधानी दिल्ली का एक जाना-पहचाना नाम था। ऑफिस से घर लौटते लोगों के हाथ में शाम की सुर्खियों के साथ यह अखबार दशकों तक रहा।
कभी 4 पन्नों के इस अखबार का अपना अलग पाठक वर्ग था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में विज्ञापन और प्रसार दोनों में भारी गिरावट आई। सूत्रों के अनुसार प्रबंधन ने डिजिटल फर्स्ट की रणनीति के तहत घाटे में चल रहे प्रिंट संस्करण को बंद करने का फैसला लिया है।
कर्मचारियों को नवभारत टाइम्स और अन्य डिजिटल वर्टिकल में समायोजित किया जाएगा। पत्रकारिता जगत में इस खबर को लेकर निराशा है। यह सिर्फ एक अखबार का बंद होना नहीं, बल्कि सांध्य पत्रकारिता के एक दौर का अंत माना जा रहा है।



