भारत

तमिलनाडु के CM विजय की विधानसभा में घोषणा, सभी विधायकों को मिलेगा सरकारी वाहन और 75 हजार रुपये मासिक वाहन भत्ता

चेन्नई- 19 अगस्त। तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को अनुदान मांगों पर चर्चा के तीसरे दिन मुख्यमंत्री विजय ने विधायकों और आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। उन्होंने सभी विधायकों को निर्वाचन क्षेत्रों के दौरे और जनसेवा के लिए सरकार की ओर से वाहन उपलब्ध कराने का ऐलान किया। इसके अलावा दूध खरीद मूल्य बढ़ाने, चेन्नई के पेरम्बूर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने, मुख्यमंत्री चिकित्सा बीमा की सीमा बढ़ाने और राज्य में सात नए नर्सिंग कॉलेज खोलने की घोषणा की।

विधानसभा में नियम 110 के तहत घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में विधायक अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में पहली बार निर्वाचित होने वाले पहली पीढ़ी के विधायकों की संख्या बढ़ी है। आर्थिक रूप से सक्षम नहीं होने के बावजूद जनसेवा कर रहे ऐसे विधायकों को निर्वाचन क्षेत्र में कामकाज सुचारू रूप से संचालित करने में सुविधा देने के लिए सभी विधायकों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक अपनी सहायता के लिए एक सहायक नियुक्त कर सकेंगे। सहायक की नियुक्ति के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले वाहन के लिए चालक नियुक्त किया जाएगा। वाहन के ईंधन और रखरखाव के लिए 75 हजार रुपये मासिक वाहन भत्ता दिया जाएगा।

यह घोषणा पिछले सप्ताह विदुथलाई चिरुथैगल काची के विधायक ज्योतिमणि की उस मांग के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने विधायकों को निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराने की मांग की थी।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य घोषणा में कहा कि राज्य की करीब 8,800 सहकारी समितियों से जुड़े 3.16 लाख दूध उत्पादकों से प्रतिदिन लगभग 34 लाख लीटर दूध खरीदा जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 31 लाख लीटर दूध आविन के माध्यम से उत्पादित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए दूध की खरीद कीमत 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने चेन्नई के पेरम्बूर में करीब 300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विश्वस्तरीय बहुउद्देश्यीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की भी घोषणा की। अस्पताल में 400 बिस्तरों की सुविधा होगी।

इसके साथ ही राज्य में सात नए नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। इन कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग की कुल 620 नई सीटें सृजित की जाएंगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री चिकित्सा बीमा योजना के तहत उपलब्ध बीमा राशि को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का भी ऐलान किया गया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!