
BIHAR:- वक्फ की भूमि की अब नहीं होगी निबंधन व खरीद-फरोख्त
मधुबनी- 05 अगस्त। मधुबनी जिला के तहत वक्फ से संबंधित भूमि की अब निबंधन कार्यालय से खरीद-फरोख्त नहीं होगी। वक्फ से संबंधित भूमि का खाता खेसरा निबंधन कार्यालय को उपलब्ध करा दिया गया है। जिससे वक्फ से संबंधित खाता, खेसरा की भूमि निबंधन के लिए लाए जाने पर निबंधन रोक दी जाएगी। बतादें कि इस मामले में जिला वक्फ बोर्ड के सदस्य मो. महताब आलम ने सहयोग पोर्टल पर मधुबनी जिला के तहत वक्फ की भूमि का मौजा वार जमाबंदी कायम कराने की मांग की गई थी। आवेदन में बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड पटना को पत्र भेजकर वक्फ की भूमि की चल रही अवैध जमाबंदी को रद्द कराने का गुहार लगाया गया।
आवेदन के आलोक में मधुबनी जिला के सभी अंचलाधिकारी से वक्फ की भूमि का रिपोर्ट की मांग की गई। आवेदन में वक्फ में दर्ज भूमि के साथ साथ वक्फ की भूमि का अवैध जमाबंदी रद्द करने हेतु प्रस्ताव अपर समाहर्ता को भेजते की मांग की गई थी। ताकि वक्फ भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई व वक्फ भूमि का अवैध केवाला करवाने वाले के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा सके।
मालुम हो कि बिहार सरकार के द्वारा जिला अल्पसंख्यक पदाधिकारी कल्याण मधुबनी को पत्र प्राप्त हुआ। जिसके आलोक में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी ने जिला निबंधन कार्यालय मधुबनी को पत्र भेजकर जिले भर के वक्फ भूमि की निबंधन पर रोक लगा दी गयी है।



