
नगालैंड के मोन जिले में भारी भूस्खलन, चार की मौत, CM रियो ने जताया दुख
कोहिमा- 19 जुलाई। नगालैंड के मोन जिले में रविवार को भारी भूस्खलन हुआ है। इस घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार जिले में असम राइफल्स कैंप के नीचे बसे इलाके में हुई इस घटना से भारी नुकसान हुआ है। कई घर भूस्खलन की चपेट में आए हैं। बचाव टीमें मौके पर जुटी हैं। मलबे से चार शव बरामद हुए हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश की जारी है।
नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मोन जिले में भारी भूस्खलन की बेहद दुखद खबरें मिली हैं। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि एनएसडीएमए, जिला प्रशासन, डीडीएमए, एसडीआरएफ, पुलिस, असम राइफ्लस और स्थानीय समुदाय मौके पर खोज और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा है कि सरकार मृतकों के परिवारों को तुरंत मुआवजा और प्रभावित सभी लोगों को राहत सहायता देगी।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एक्स पर बताया कि नागालैंड सरकार ने मोन टाउन में हुए दुखद भूस्खलन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस घटना में कई कीमती जानें गईं और संपत्ति व बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। सरकार ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है। साथ ही, सरकार ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
यह घटना लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हुई, जिससे इलाके में हालात खराब हैं। स्थानीय प्रशासन और बचाव कर्मी मुश्किल हालात में लापता लोगों की खोजबीन में जुटे हैं।



