भारत

डाक विभाग की पहली तिमाही में रिकॉर्ड 4,009 करोड़ रुपये का राजस्व, 22 प्रतिशत की वृद्धि

नई दिल्ली- 14 जुलाई। डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 4,009 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह उपलब्धि विभाग के आधुनिकीकरण, व्यावसायिक विस्तार और ग्राहक केंद्रित सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों का परिणाम है।

सिंधिया ने यहां विज्ञान भवन में आयोजित डाक विभाग की तिमाही व्यावसायिक समीक्षा बैठक में पहली तिमाही के प्रदर्शन का आकलन किया। बैठक में केंद्रीय संचार राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा देशभर के डाक सर्किलों के प्रमुख शामिल हुए।

संचार मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने 19,803 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया है। पहली तिमाही में 4,009 करोड़ रुपये की आय के साथ विभाग ने तिमाही लक्ष्य का 81 प्रतिशत हासिल कर लिया है।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभाग के सभी प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में वृद्धि दर्ज की गई है। नागरिक केंद्रित सेवाओं में 86 प्रतिशत की सर्वाधिक वृद्धि हुई, जबकि पार्सल सेवाओं में 50 प्रतिशत, डाक सेवाओं में 42 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय एवं वैश्विक कारोबार में 34 प्रतिशत, डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20 प्रतिशत तथा डाकघर बचत बैंक कारोबार में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल समग्र प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ डाक सर्किल रहे। विभिन्न कारोबार क्षेत्रों में भी कई सर्किलों ने निर्धारित लक्ष्यों से बेहतर प्रदर्शन किया।

बैठक में परिचालन दक्षता और वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की गई। विभाग ने बताया कि शाखा डाकघरों में शून्य कारोबार वाले लेन-देन के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है। डाकघर बचत बैंक, डाक जीवन बीमा तथा स्पीड पोस्ट एवं पार्सल सेवाओं में ऐसे मामलों में 92 से 99 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है।

सिंधिया ने कहा कि विभाग का व्यय कवरेज अनुपात भी बेहतर हुआ है, जो वित्तीय स्थिति में सुधार का संकेत है। उन्होंने सभी डाक सर्किलों को राजस्व वृद्धि की गति बनाए रखने, कॉर्पोरेट ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाने, पार्सल और डाक सेवाओं के विस्तार तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि नियमित निगरानी, जवाबदेही और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता के कारण विभाग के कारोबार में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने सभी डाक सर्किलों से इसी गति को बनाए रखते हुए सेवा वितरण और राजस्व सृजन को और मजबूत करने की अपील की।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!