
सकरी चीनी मिल का दरभंगा डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण,क्षेत्र विस्तार व मिल परिसर के रखरखाव को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दरभंगा, 07 जुलाई।दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज सकरी चीनी मिल का स्थल निरीक्षण कर मिल परिसर की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने चीनी मिल के क्षेत्र विस्तार, परिसर के रखरखाव एवं भविष्य की आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चीनी मिल के क्षेत्र विस्तार से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए, ताकि मिल के संचालन एवं विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र विस्तार से संबंधित कार्यों में समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने चीनी मिल परिसर का भ्रमण कर भवनों एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि चीनी मिल परिसर के विकास एवं रखरखाव से संबंधित सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला,दरभंगा जिला ईख पदाधिकारी पुष्कर कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



