
महिलाओं और बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए महत्वपूर्ण वुशू खेल : पूर्वमंत्री
मधुबनी- 31 मई। स्थानीय खेल भवन सह व्यायामशाला में मधुबनी वुशू संघ एवं सक्सेस साइंस फॉर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 7वीं जिला स्तरीय वुशू सब जुनियर, जुनियर, सीनियर प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर पूर्व उद्योग मंत्री व पूर्व विधायक समीर कुमार महासेठ व अन्य अतिथियों ने संयुक्त रुप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि वुशू प्राचीन मार्शल आर्ट खेल है। शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और आत्मरक्षा का एक बेहतरीन संयोजन है। स्थानीय स्तर पर युवाओं के बीच यह तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह अनुशासन और ताकत के साथ-साथ करियर बनाने के शानदार अवसर प्रदान करता है। वुशू महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष रूप से आत्मरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। यह उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी रक्षा करने में सक्षम बनाता है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर का लचीलापन, सहनशक्ति और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। यह केवल शरीर की ताकत नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य और मानसिक संतुलन को भी बढ़ाता है। वुशू एक अंतरराष्ट्रीय खेल है। इसे राष्ट्रीय खेलों, एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेला जाता है। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों और खेल छात्रवृत्तियों का लाभ मिलता है। पूर्व मंत्री ने कहा कि अच्छा खेलेंगे तो जिले का नाम रोशन होगा।
मामूली अंतर से असफल रहने वाले खिलाड़ियों को निराश होने की जगह अगली बार के लिए अभी से ही तैयारी में जुट जाने की जरुरत है। पूर्व मंत्री ने प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जिला वुशू संघ के अध्यक्ष मन्टू कुमार ने कहा कि खेल अच्छे स्वास्थ्य व अनुशासन की सीख मिलती है। वुशू संघ के संयुक्त सचिव सन्नी कुमार ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। कार्यक्रम को नमामि गंगे के कार्यकम पदाधिकारी अंकित आनंद, जिला वुशू संघ के अध्यक्ष सह शारीरिक शिक्षक डुमरी (हिंदी) मध्य विद्यालय, रहिका के मन्टू कुमार,अमित कुमार चौधरी,प्रधान अध्यापिका उवि जितवारपुर, बबिता कुमारी, वरिष्ठ शिक्षक अरुण कुमार सिंह, शारीरिक शिक्षक, शम्भुआर सुनील कुमार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते अच्छे प्रदर्शन कर जिले का नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की बात कहीं। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों के 60 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। अर्जित मेडल के आधार पर ओवरऑल चैंपियन का खिताब मेजबान रहिका को प्रदान किया गया।
बाबूबरही की टीम रनर अप व अंधराठाढ़ी की टीम तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम आयोजन जिला सचिव सन्नी कुमार ने कहा कि वुशू एसोसिएशन के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों से किक बॉक्सिंग, बॉक्सिंग वुशू सहित खेल में स्टेट सहित राष्ट्रीय स्तर के दर्जनों खिलाड़ी तैयार हो रहे है। अतिथियों का स्वागत शारीरिक शिक्षक, शम्भुआर के सुनील कुमार व धन्यवाद ज्ञापन जिला वुशू संघ के सचिव सन्नी कुमार ने किया।
मैच में ऑफिशियल के रूप में अमित कुमार चौधरी,रुचि कुमारी, मिथुन कुमार, ललित कुमार, रोहन कुमार उमेश कुमार, शिव नारायण, मो. जावेद, अमरेन्द्र कुमार अमन, तथा रेफरी की भूमिका उमेश कुमार, रूचि कुमारी आदि ने निभाई।



